Skip to main content

MENU

Show more

12th Political Science Complete Notes

  📘 Part A: Contemporary World Politics (समकालीन विश्व राजनीति) The Cold War Era (शीत युद्ध का दौर) The End of Bipolarity (द्विध्रुवीयता का अंत) US Hegemony in World Politics ( विश्व राजनीति में अमेरिकी वर्चस्व ) Alternative Centres of Power ( शक्ति के वैकल्पिक केंद्र ) Contemporary South Asia ( समकालीन दक्षिण एशिया ) International Organizations ( अंतर्राष्ट्रीय संगठन ) Security in the Contemporary World ( समकालीन विश्व में सुरक्षा ) Environment and Natural Resources ( पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधन ) Globalisation ( वैश्वीकरण ) 📘 Part B: Politics in India Since Independence (स्वतंत्रता के बाद भारत में राजनीति) Challenges of Nation-Building (राष्ट्र निर्माण की चुनौतियाँ) Era of One-Party Dominance (एक-दलीय प्रभुत्व का युग) Politics of Planned Development (नियोजित विकास की राजनीति) India’s External Relations (भारत के विदेश संबंध) Challenges to and Restoration of the Congress System ( कांग्रेस प्रणाली की चुनौतियाँ और पुनर्स्थापना ) The Crisis of Democratic...

Independence Day Special

आजादी का सही मतलब क्या है? राजनीतिक स्वतंत्रता से स्वराज तक का सफर

15 अगस्त 1947 — यह केवल एक कैलेंडर की तारीख या इतिहास की एक घटना भर नहीं है। जब भी यह दिन करीब आता है, हवा में देशभक्ति का एक अलग ही जोश महसूस होता है। लहराता हुआ तिरंगा और आजादी के जश्न की यादें हर भारतीय के दिल को गर्व से भर देती हैं।

लेकिन क्या हमने कभी ठहरकर यह सोचने की कोशिश की है कि असलायत में "आजादी" का मतलब क्या है?

क्या आजादी का अर्थ सिर्फ किसी बेड़ी या पिंजरे से बाहर निकल जाना है? क्या किसी दूसरे का शासन खत्म हो जाना ही हमारी स्वतंत्रता की अंतिम मंजिल है?

आइए, स्वतंत्रता दिवस के इस मौके पर राजनीतिक और दार्शनिक दृष्टिकोण से आजादी के सच्चे अर्थ को समझने की कोशिश करते हैं।

अपनी नियति खुद तय करने की चाहत

इंसान की एक बुनियादी और बहुत गहरी जरूरत होती है — अपनी नियति (Destiny) को खुद कंट्रोल करने की चाहत।

1947 में जब हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने हंसते-हंसते फांसी के फंदों को चूमा, तो वह लड़ाई सिर्फ जमीन के एक टुकड़े या झंडे के लिए नहीं थी। वह लड़ाई थी एक ऐसे विचार के लिए कि आने वाली पीढ़ियां अपनी शर्तों पर अपना भविष्य गढ़ सकें।

विश्व इतिहास में भी स्वतंत्रता के इस अधिकार के लिए अकल्पनीय बलिदान दिए गए हैं:

  • नेल्सन मंडेला: रंगभेद (Apartheid) जैसी अन्यायपूर्ण व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाने के लिए उन्होंने जीवन के सबसे बेहतरीन 28 साल एकांत कारावास में बिता दिए।

  • आंग सांग सू की: म्यांमार में लोकतंत्र की रक्षा के लिए सालों तक गृह-नज़रबंदी झेली और परिवार से दूर रहीं। उन्होंने दुनिया को एक बहुत सुंदर विचार दिया — "सच्ची स्वतंत्रता भय से स्वतंत्रता (Freedom from Fear) है।" अगर आपके अंदर डर है, तो आप पूरी तरह आजाद नहीं हैं।

क्या आजादी का मतलब जो चाहे वो करने की छूट है?

अक्सर लोग स्वतंत्रता का मतलब "अनियंत्रित छूट" समझ लेते हैं। लेकिन जरा सोचिए — अगर कोई आधी रात को फुल वॉल्यूम में स्पीकर बजाए या सड़क के गलत साइड में गाड़ी चलाए, तो क्या यह उसकी आजादी है?

बिल्कुल नहीं! क्योंकि यहाँ वह किसी और की शांति और सुरक्षा का अधिकार छीन रहा होता है।

मशहूर दार्शनिक जॉन स्टुअर्ट मिल (J.S. Mill) ने इसके लिए 'हानि का सिद्धांत' (Harm Principle) दिया था। उन्होंने मानवीय कार्यों को दो भागों में बांटा:

  1. स्व-संबंधी कार्य (Self-regarding actions): आप क्या पहनते हैं, क्या खाते हैं या क्या सोचते हैं — इसका असर सिर्फ आप पर पड़ता है। इसमें राज्य या समाज को दखल नहीं देना चाहिए।

  2. अन्य-संबंधी कार्य (Other-regarding actions): जब आपके किसी काम का असर समाज या दूसरों की सुरक्षा पर पड़ता है, तब आपकी स्वतंत्रता पर उचित प्रतिबंध (Reasonable Restrictions) लगाना बिल्कुल सही और जरूरी हो जाता है।

यही वजह है कि हमारे भारतीय संविधान में मौलिक अधिकार तो दिए गए हैं, लेकिन सार्वजनिक व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा को बनाए रखने के लिए उन पर तर्कसंगत सीमाएं भी तय की गई हैं।

नकारात्मक बनाम सकारात्मक स्वतंत्रता

आजादी के दो पहलू होते हैं, जिन्हें समझना बहुत जरूरी है:

  • नकारात्मक स्वतंत्रता (Negative Liberty): इसका सीधा अर्थ है — बाहरी रुकावटों से मुक्ति ('Freedom from')। यानी सरकार या समाज आपको टोके नहीं।

  • सकारात्मक स्वतंत्रता (Positive Liberty): इसका अर्थ है — अपनी पूरी क्षमता (Potential) को विकसित करने का माहौल मिलना। केवल रुकावट न होना ही काफी नहीं है, बल्कि व्यक्ति के पास अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य और संसाधन भी होने चाहिए ताकि वह जीवन में आगे बढ़ सके।

इसी सकारात्मक स्वतंत्रता का सबसे महत्वपूर्ण स्तम्भ है — अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता (Freedom of Expression)। जब तक हम अपने विचारों को बिना किसी डर के खुलकर सामने नहीं रख पाते, तब तक हमारी पहचान अधूरी रहती है।

महात्मा गांधी और 'स्वराज' का विचार

अब आते हैं इस पूरी चर्चा के सबसे खूबसूरत हिस्से पर — स्वराज।

'स्वराज' दो शब्दों से बना है: स्व (खुद) + राज (शासन)।

1909 में लिखी अपनी पुस्तक 'हिंद स्वराज' में महात्मा गांधी जी ने स्पष्ट किया था कि केवल अंग्रेजों का भारत छोड़कर चले जाना ही सच्चा स्वराज नहीं है। सच्चा स्वराज तब है जब हम खुद पर शासन करना सीख लें।

अगर हम राजनीतिक रूप से तो आजाद हो जाएं, लेकिन मन से अपने लालच, नफरत, पूर्वाग्रहों और अंदरूनी डरों के गुलाम बने रहें, तो ऐसी आजादी अधूरी है। आंतरिक जंजीरों को तोड़ना ही स्वराज की पहली शर्त है।

आज खुद से पूछने का सवाल

इस स्वतंत्रता दिवस पर जब हम तिरंगा फहराएं और शहीदों को नमन करें, तो आइए एक पल रुककर खुद से कुछ सवाल पूछें:

  • क्या हम वैचारिक रूप से सचमुच आजाद हैं?

  • क्या हमने अपने मन में बैठे डरों, अंधविश्वासों और सामाजिक भेदभाव से मुक्ति पा ली है?

  • क्या हम दूसरों के विचारों और उनके आत्मसम्मान की उतनी ही इज्जत करते हैं, जितनी अपनी?

सच्ची आजादी बाहर की व्यवस्था बदलने के साथ-साथ अपने भीतर झांकने से शुरू होती है। आइए, इस स्वतंत्रता दिवस पर सिर्फ जश्न न मनाएं, बल्कि 'स्वराज' के इस विचार को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लें।

जय हिंद!




Comments

Advertisement

POPULAR POSTS